
अमरोहा। एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार भीषण विस्फोट होने से फैक्ट्री में काम कर रहीं 5 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक है। विस्फोट में फैक्ट्री की इमारत और टीनशेड पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गए। धमाके के बाद शव इधर-उधर बिखर गए। भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने मृतकों व घायलों को अहमदाबाद हवाई दुर्घटना के समान मुआवजा देने की मांग राज्य एवं केन्द्र सरकार से की है।

शवों का इकट्ठा करके फैक्ट्री के बाहर टीन पर रख गत्ते से ढक दिया गया। महिलाओं के शव इस कदर जल गए कि उनकी पहचान करना मुश्किल है। पटाखा फैक्ट्री अतरासी गांव से 2 किमी दूर जंगल के बीच में बनी थी। फैक्ट्री में सुबह करीब 25 महिला और पुरुष काम कर रहे थे। इसी दौरान किसी मजदूर के बच्चे ने फुलझड़ी जला दी। इसके बाद पास में रखे पटाखे और बारूद में आग लग गई।

धमाके इतनी तेजी से हुए कि अंदर काम कर रहे लोगों को बाहर निकलने तक का वक्त नहीं मिला। करीब 15 मिनट तक ब्लास्ट होते रहे। धमाके के बाद फैक्ट्री का मलबा 300 मीटर दूर तक फैल गया। सूचना मिलते ही डीएम निधि गुप्ता और एसपी अमित कुमार आनंद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।

डीएम निधि गुप्ता ने बताया फैक्ट्री के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस था। अब तक 5 महिलाओं की मौत हुई है जबकि 6 महिलाएं गंभीर घायल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जांच के लिए एडीएम की अध्यक्षता में समिति की गठित की गई है। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री में करीब 12:30 बजे विस्फोट हुआ।

यह फैक्ट्री हापुड़ के रहने वाले सैफउर्रहमान के नाम से पंजीकृत है। मृतकों की पहचान रुखसाना, रूमा, प्रवेश, शहनाज के तौर पर हुई है। एक महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सभी मृतक महिलाएं रजबपुर और पपसरा गांव की रहने वाली थीं।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में एक युवक समेत 9 महिलाएं घायल हैं। इनमें मोना (21), विशाल (18), सलोनी, इंद्रवती (35), सोनिया (38), पूजा (32), पूजा (27), नाजरीन, पूजा के रूप में हुई है। दो महिलाओं की हालत गंभीर हैं, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

वहीं दूसरी ओर भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने अहमदाबाद हवाई दुर्घटना के समान पटाखा फैक्ट्री विस्फोट दुर्घटना की चपेट में आने से मृत पांच महिलाओं तथा घायलों में मुख्य रूप से शामिल एक किशोर समेत नौ महिलाओं को हवाई दुर्घटना समान मुआवजा देने की मांग राज्य एवं केन्द्र सरकार से की है।
गौरतलब है कि एअर इंडिया ने अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों, घायलों और एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति को तत्काल वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मदद के लिए 25-25 लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा देने की घोषणा की है। यह राशि टाटा संस द्वारा घोषित एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता के अतिरिक्त होगी।