
मुरादाबाद। कुंदरकी उपचुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, किंतु सियासी पारा चरम पर है। कुछ दिन पहले सपा के पूर्व विधायक हाजी रिजवान के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया था।

सैकड़ों मुस्लिम मतदाता हाथों में तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। जिन पर गड़बड़ी से संबंधित तमाम स्लोगन लिखे हुए थे। किंतु प्रशासन ने सपा के आरोपों को जांच के उपरांत सिरे से खारिज कर दिया था। सोमवार को भाजपा ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन कर समाजवादी पार्टी को करारा जवाब दिया है। सैकड़ो मुस्लिम मतदाताओं के साथ ठाकुर रामवीर सिंह कलेक्ट्रेट पर आ जमे। और उन्होंने समाजवादी पार्टी की शैली में ही पलटवार किया।

ठाकुर रामवीर सिंह कुंदरकी उपचुनाव में भाजपा के टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। सपा के प्रदर्शन की तरह ठाकुर रामवीर सिंह के नेतृत्व में मुस्लिम वोटर्स के हाथों में भी प्रदर्शन के दौरान तख्तियां थीं। इन तख्तियों पर लिखा था-“कि झूठ का पर्दा फाश करना है, कुंदरकी के मतदाता को जिताना है। सिंगल फोटो डबल वोट हटाना है”। प्रदर्शन के दौरान ही रामवीर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी कुंदरकी में बेईमानी कर उपचुनाव जीतने की फिराक में है जिससे हम सभी को सावधान रहना है।

उन्होंने कहा कि सपा ने कुंदरकी में एक-एक व्यक्ति के कई-कई वोट बनवा रखे हैं। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान वोटर लिस्ट दिखाते हुए बताया कि सपा के प्रदर्शन में पूर्व सपा विधायक हाजी रिजवान ने दावा किया था कि उनके पिताजी को मृत दिखाकर उनका नाम काट दिया गया है जबकि उनके पिता जीवित हैं। उन्होंने लिस्ट दिखाते हुए कहा कि पूर्व सपा विधायक प्रशासन के साथ चुनाव आयोग को भी झूठ बोलकर भ्रमित कर रहे हैं। ठाकुर रामवीर सिंह ने बताया कि पूर्व सपा विधायक के पिता का नाम वोटर लिस्ट में शामिल है।

सपा ने अलग-अलग बूथों पर कई-कई वोटर्स बनवा दिए हैं। ठाकुर रामवीर सिंह ने साक्षय के साथ ऐसे ही वोटर्स की सूची ज्ञापन के माध्यम से चुनाव आयोग को भेजी। प्रदर्शन कर रहे सभी लोगों का एक स्वर में कहना था कि सपा ने अपने प्रदर्शन के दौरान कुंदरकी में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर जितने भी झूठ बोले हैं उन सब की जांच कर झूठ फैलाने और बोलने वाले लोगों को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।