मुरादाबाद। शनिवार को ठाकुरद्वारा में हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक्टिव प्रेस क्लब के कैंप कार्यालय में महान स्वतंत्रता सेनानी, निर्भीक पत्रकार, समाजसेवी एवं जननायक गणेश शंकर विद्यार्थी को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर उपस्थित लोगों ने उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एक्टिव प्रेस क्लब ठाकुरद्वारा के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने की। सभा को संबोधित करते हुए एक्टिव प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश चौधरी ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने पत्रकारिता को केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण का सशक्त माध्यम बनाया। उन्होंने सत्य, न्याय, सामाजिक समरसता और शोषित वर्गों की आवाज को बुलंद करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। आज के दौर में उनके आदर्श पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। यही गणेश शंकर विद्यार्थी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनिल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी के सपनों का भारत बनाने के लिए पत्रकारिता को निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनसरोकारों से जुड़ा होना आवश्यक है। उन्होंने पत्रकारों से समाज के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी का जीवन संघर्ष, साहस, सत्यनिष्ठा और मानवता की मिसाल है। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
इस अवसर पर नवीन सक्सेना, नईम खान (पूर्व अध्यक्ष), राजा, शमशेर मलिक, दीपेश उर्फ मोनू शर्मा, डॉ. आफताब हाशमी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन गणेश शंकर विद्यार्थी के आदर्शों पर चलने तथा समाज और राष्ट्रहित में पत्रकारिता को समर्पित रखने के संकल्प के साथ हुआ@जफर-INN
