मुरादाबाद। जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उनकी अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अवैध खनन, परिवहन मानकों के उल्लंघन और पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।
डीएम ने कहा कि बिना नंबर प्लेट, अस्पष्ट या क्षतिग्रस्त नंबर प्लेट तथा बॉडी एक्सटेंशन वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से नियमित जांच अभियान संचालित करेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे।
बैठक में खनिज स्रोत स्थलों और लोडिंग प्वाइंट्स पर निर्धारित भार सीमा का शत-प्रतिशत पालन कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग या अवैध परिवहन मिलने पर केवल वाहन ही नहीं, बल्कि संबंधित स्रोत स्थल, लोडिंग प्वाइंट और संचालकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहन स्वामियों और परिवहनकर्ताओं का अलग रिकॉर्ड तैयार कर उन्हें चिन्हित किया जाएगा तथा आवश्यक होने पर ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, परिवहन, वन एवं खनन विभाग की संयुक्त प्रवर्तन टीमों को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, कैमरों से लैस चौकियां स्थापित करने तथा खनिज परिवहन की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पर्यावरणीय स्वीकृतियों, खनन पट्टों की शर्तों और वन क्षेत्रों में अवैध कटान, अवैध खनन एवं शिकार की घटनाओं पर भी समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि नदी की जलधारा में किसी भी स्थिति में खनन न होने पाए और प्रतिबंधित मशीनों के उपयोग पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि अवैध खनन, अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और राजस्व क्षति से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्रवाई करें और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती संगीता गौतम सहित संभागीय परिवहन अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, खान अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित रहे।
