मुरादाबाद। जनपद में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजपुर थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों और अवैध शस्त्रों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार देर रात भोजपुर थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान आहद पुत्र स्वर्गीय नदीम, निवासी मोहल्ला जामा मस्जिद, कस्बा एवं थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल कायम रहे@ZAFAR-INN
