भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है. अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली चोट के कारण इस पूरी सीरीज में खेलते नजर नहीं आएंगे. रिपोर्ट्स के अनुसार कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी से परेशान हैं, जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा है. बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि हैमस्ट्रिंग में आई चोट के कारण विराट आगामी वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे.
कोहली की गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए किसी बड़े नुकसान से कम नहीं है. पिछले कुछ समय से वह शानदार फॉर्म में चल रहे थे और लगातार रन बना रहे थे. हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल सीजन में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था. विराट ने 16 मैचों में 675 रन बनाकर अपनी टीम की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक भी निकले थे.
भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा. इसके बाद दोनों टीमें 17 जून को लखनऊ के एकाना स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. वहीं सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित होगा. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि कोहली की अनुपस्थिति में भारतीय टीम बल्लेबाजी विभाग में किस तरह संतुलन बनाती है.
