मुरादाबाद। जनपद में मानव-तेंदुआ संघर्ष की संभावनाओं को कम करने तथा तेंदुए की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए वन विभाग द्वारा ठाकुरद्वारा तहसील के तेंदुआ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में रेस्क्यू, निगरानी और जनजागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
ठाकुरद्वारा तहसील के ग्राम बलिया में तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए ट्रैप केज की लोकेशन में बदलाव किया गया। प्रभागीय निदेशक के साथ वन विभाग की टीम ने घटनास्थल के आसपास फुट पेट्रोलिंग की तथा समीपवर्ती जनपद बिजनौर के जंगल एवं खेतों में थर्मल ड्रोन के माध्यम से सघन स्कैनिंग की गई।
ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग की टीम द्वारा गांवों में पहुंचकर लोगों को तेंदुए से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों से विशेष रूप से अपील की जा रही है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल अथवा जंगल से लगे खेतों की ओर न जाएं और तेंदुआ दिखाई देने पर स्वयं उसे पकड़ने या उसके निकट जाने का प्रयास न करें।

मानव-तेंदुआ संघर्ष की आशंका वाले क्षेत्रों में निगरानी और जनजागरूकता को और प्रभावी बनाने के लिए लाउडस्पीकर युक्त प्रचार वाहनों की संख्या दो से बढ़ाकर चार कर दी गई है। ग्राम बलिया में आबादी के समीप एक ANIDER डिवाइस भी स्थापित की गई है, जो किसी जानवर के इसके पास आने पर ध्वनि उत्पन्न करती है।
इसके साथ ही पीलीभीत टाइगर रिजर्व की ‘बाघ एक्सप्रेस’ टीम द्वारा भी ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव के उपायों तथा सावधानियों के संबंध में जागरूक किया गया। वन विभाग एवं बाघ एक्सप्रेस टीम द्वारा बलिया, शेरपुर पट्टी, बालापुर, मलकपुर सेमली, लालपुर पीपलसाना, चटकाली, ख्वाजपुर, हुजरा, कुरी, बधेरा, फरीदपुर हाजी, कोठा महमूद, पांयदापुर तथा रायभुड़ सहित विभिन्न गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
ठाकुरद्वारा तहसील के जिन गांवों से तेंदुआ दिखाई देने अथवा उसकी गतिविधियों की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं, वहां भी रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार गश्त एवं थर्मल स्कैनिंग की जा रही है। खाई खेड़ा, बाहपुर, ख्वाजपुर, मड़ैया तथा नाहरवाल में टीमों द्वारा विशेष निगरानी की गई।
तेंदुए के रेस्क्यू के लिए ठाकुरद्वारा तहसील के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में कुल 23 ट्रैपिंग केज लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम बलिया में कैमरा ट्रैप भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से तेंदुए की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।
जिला प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि तेंदुए से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें। ग्रामीण शांत रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सुरक्षा के दृष्टिगत वन विभाग की टीम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें@जफर/INN
