मुरादाबाद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिलाधिकारी मुरादाबाद राजेंद्र पैंसिया ने मिलनविहार स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनका आशीर्वाद लिया।

जिलाधिकारी के वृद्धाश्रम पहुंचने पर बुजुर्गों में खुशी का माहौल दिखाई दिया। डीएम ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ काफी समय बिताया और उनकी दैनिक दिनचर्या, स्वास्थ्य तथा वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

डीएम राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और आशीर्वाद समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में वृद्धजनों की देखभाल, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन की ओर से वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
महीने में दो मेडिकल कैंप लगाने की पहल
बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष पहल करते हुए महीने में दो मेडिकल कैंप लगाए जाने की बात कही। इन चिकित्सा शिविरों के माध्यम से वृद्धजनों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराई जाएगी और जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि बुजुर्गों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी बेहद जरूरी है और इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मेडिकल कैंप आयोजित किए जाएंगे।

रक्षाबंधन के अवसर पर डीएम का वृद्धाश्रम पहुंचना बुजुर्गों के लिए भावनात्मक रूप से भी खास रहा। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के साथ आत्मीय संवाद कर उन्हें यह भरोसा दिलाया कि वे स्वयं को अकेला न समझें और प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान सेवा, सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश देखने को मिला। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व-त्योहारों की सार्थकता तभी है, जब समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा की जाएं और जरूरतमंद एवं बुजुर्ग लोगों को अपनत्व का एहसास कराया जाए। डीएम की इस पहल से वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और संतोष दिखाई दिया@शांतनु/INN
