मुरादाबाद/भगतपुर। थाना क्षेत्र के पतियानगला गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 65 वर्षीय पूर्व राशन डीलर अजब सिंह का शव गांव के पास पानी से भरे नाले में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मुरादाबाद भेज दिया।

बताया गया कि अजब सिंह अपने परिवार के साथ गांव से लगभग 700 मीटर दूर खेत में बने मकान में रहते थे। उनके बेटे अनिल के मुताबिक, अजब सिंह रोजाना की तरह शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव की ओर टहलने निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात तक कोई सुराग नहीं मिला।

शनिवार सुबह करीब 10 बजे अजब सिंह के चचेरे भाई विनीत बाइक से खेत की ओर खाद लेकर जा रहे थे। रास्ते में बाइक से खाद का कट्टा गिर गया। उसे उठाने के लिए जब उन्होंने बाइक रोकी तो सड़क किनारे चप्पल की एक जोड़ी दिखाई दी। आसपास नजर दौड़ाने पर नाले के पानी में एक व्यक्ति का शव तैरता नजर आया। शव देखते ही विनीत ने ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी।

कुछ ही देर में अजब सिंह के परिजन मौके पर पहुंच गए। नाले में शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने शव की पहचान अजब सिंह के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। भगतपुर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए मुरादाबाद भेज दिया।

परिजनों के अनुसार अजब सिंह के परिवार में पत्नी रोशनी के अलावा पांच बेटे और चार बेटियां हैं। उनकी मौत की खबर से घर में मातम पसरा हुआ है। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है@जफर/INN
