भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को चोट के कारण बड़ा झटका लगा है। एंकल में लिगामेंट टियर होने के चलते नीरज ने 2026 के बाकी सीजन से हटने का फैसला किया है। इस वजह से उनका 2026 एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेना संभव नहीं होगा।
नीरज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी चोट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लॉजेन डायमंड लीग में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ 88.05 मीटर का थ्रो करने के बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके एंकल में लिगामेंट टियर हो गया। डॉक्टरों और अपनी टीम से सलाह के बाद उन्होंने फिलहाल प्रतियोगिताओं से दूर रहने का फैसला किया है।
नीरज ने कहा कि उन्हें लग रहा था कि वह धीरे-धीरे अपनी पुरानी लय हासिल कर रहे हैं, इसलिए यह चोट उनके लिए निराशाजनक है। हालांकि, अब उनका पूरा ध्यान रिकवरी पर है और वह मजबूत वापसी की तैयारी करेंगे।
गौरतलब है कि 2023 एशियन गेम्स में नीरज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीता था। हांगझोऊ में उन्होंने 88.88 मीटर का थ्रो किया था, जबकि भारत के किशोर जेना ने सिल्वर मेडल हासिल किया था। ऐसे में 2026 एशियन गेम्स में नीरज की गैरमौजूदगी भारत के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
