दिल्ली-NCR में मौसम ने करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब का असर राजधानी और आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है। कई क्षेत्रों में सुबह तेज बारिश हुई, जबकि दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को आंधी-तूफान, बिजली चमकने और बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कल भी बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जबकि 31 अक्टूबर से मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है।
वहीं, बारिश के बावजूद दिल्ली-NCR में प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। दिल्ली के मुंडका में AQI 344 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। नोएडा के कई सेक्टरों में भी वायु गुणवत्ता खराब बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अच्छी बारिश होने पर हवा में मौजूद प्रदूषण के कण कम हो सकते हैं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, वास्तविक राहत बारिश की मात्रा और मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।
