मुरादाबाद। शनिवार को समाजवादी पार्टी ने गृहमंत्री अमित शाह के भीमराव डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर के विरुद्ध दिया गए कथित वक्तव्य के विरुद्ध समाजवादी पार्टी ने जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा की जिला कार्यालय पर सैकड़ो की तादाद में पहुंचे सपाइयों ने पहले जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव, सांसद रूचि वीरा बिलारी विधायक फहीम इरफ़ान के नेतृत्व में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इसके बाद हाथों में तख्तियां और अंबेडकर के पोस्टर लेकर नारेबाजी कर प्रदर्शन करते हुये कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुये। सपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि गृहमंत्री अमित शाह ने बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया है। यह बयान समाज के एक महान नेता और संविधान निर्माता का अपमान करने जैसा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अमित शाह देश की जनता से माफी मांगें।

सपा जिला अध्यक्ष जयवीर यादव ने कहा कि बाबा साहेब का यह अपमान समाजवादी पार्टी के नौजवान और कार्यकर्ता नहीं सहेंगे। देश की जनता ने समझ लिया है कि यह सिर्फ बौखलाहट का परिणाम है। गृह मंत्री को इस तरह की हरकतें करने की कोई जरूरत नहीं थी। पहले भी जब ऐसी घटनाएं हुईं, तो उन्होंने कभी सफाई नहीं दी। लेकिन, अब उनका बौखलाया हुआ बयान यह दिखा रहा है कि उन्होंने गलती की है।

यह गलती सिर्फ अमित शाह की नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के हर उस नेता की है जो दलितों और पिछड़ों का अपमान करता है। देश की जनता जान चुकी है कि ऐसे नेताओं को अब जवाब देना जरूरी है और अगली बार के चुनाव में जवाब मिलेगा।

सपा सांसद रूचि वीरा ने कहा कि जो हुआ वो सिर्फ़ बाबा साहेब का ही नहीं, उनके दिये संविधान का भी अपमान है। ये भाजपा की नकारात्मक मानसिकता का एक और चरम बिंदु है। देश ने आज जान लिया है कि भाजपाइयों के मन में बाबासाहेब को लेकर कितनी कटुता भरी है। भाजपाई बाबासाहेब के बनाये संविधान को अपना सबसे बड़ा विरोधी मानते हैं क्योंकि उनको लगता है कि वो जिस प्रकार ग़रीब, वंचित, दमित का शोषण करके, उनके ऊपर अपना प्रभुत्व कायम करना चाहते हैं, उनकी इस बद मंशा के आगे संविधान ढाल बनकर खड़ा है।


बिलारी से सपा विधायक फहीम इरफ़ान ने कहा कि भाजपा का दूसरों पर दोषारोपण कर अपने गुनाहों पर परदा डालने का खेल बहुत पुराना है। भाजपा ध्यान न भटकाए। भाजपा ने बाबासाहेब का जो अपमान किया है उसके लिए हम सब वो लोग जिनके लिए बाबासाहेब पूजनीय हैं और जिनके मन में बाबासाहेब के लिए अपार सम्मान है, वो सब लोग भाजपा को कभी माफ़ नहीं करेंगे। पूर्व मंत्री जुगल किशोर बाल्मीकि ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाकर ही बाबासाहेब के साथ उनके संविधान के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना का हम वचन उठाते हैं।

प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौपा गया। प्रदर्शन मे जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव, सांसद रूचि वीरा, विधायक फहीम इरफ़ान, जुगल किशोर वाल्मीकि, पूर्व महानगर अध्यक्ष शाने अली शानू, आदित्य चौधरी, महानगर अध्यक्ष इकबाल अंसारी, फुरकान अली लाखन सिंह सैनी, धर्मेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या मे पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।