हिंदू पक्ष ने दाखिल की सिविल कोर्ट में याचिका, आदेश और 4 घंटे में कर दिया गया सर्वे

संभल। संभल की शाही मस्जिद का विवाद मंगलवार को अदालत में पहुंच गया। इसके बाद संभल एकाएक चर्चा में आ गया है। दरअसल दोपहर 1:30 बजे केला देवी मंदिर के महंत ऋषि राज गिरी महाराज ने सिविल कोर्ट में याचिका लगाई। उधर सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह की अदालत ने ढाई घंटे में ऑर्डर कर कहा कि मस्जिद का सर्वे किया जाए, व वीडियो और फोटोग्राफी कर अदालत में रिपोर्ट एक हफ्ते में प्रस्तुत की जाए। अदालत द्वारा रमेश सिंह राघव को एडवोकेट कमिश्नर नियुक्त किया गया।

प्रशासन की तरफ से सात सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई। शाम होते-होते सर्वे के लिए टीम जामा मस्जिद जा पहुंची। टीम में जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी शामिल थे। टीम ने लगभग 2 घंटे सर्वे किया और रात में करीब 7:45 बजे सर्वे का काम पूरा कर टीम बाहर आ गई। बताया जा रहा है कि सर्वे टीम ने मस्जिद के भीतर वीडियो और फोटो भी लिए हैं।

जानकारी मिली कि हरिशंकर जैन के पुत्र और सुप्रीम कोर्ट के वकील विष्णु शंकर भी मस्जिद के भीतर गए थे। जबकि याचिकाकर्ता महंत ऋषि राज गिरी को मंदिर में घुसने नहीं दिया गया, किंतु वह सर्व पूरा होने तक मस्जिद के बाहर ही खड़े रहे। दूसरी ओर शाही जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष अधिवक्ता जफर अली के अनुसार टीम ने जामा मस्जिद के लगभग हर हिस्से का सर्वे किया। किंतु टीम को सर्वे में अभी तक कुछ भी हासिल नहीं हुआ, न ही मंदिर होने के कोई साक्ष्य मिले।

अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे शहर में माहौल गर्मा गया। सर्वे के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई जिसे वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों द्वारा हटा दिया गया। शहर में हाई अलर्ट है व फोर्स के तैनाती बढ़ा दी गई है।