मुरादाबाद। 1975 में देश में लगाए गए आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर तीखे हमले किए। पार्टी कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कि आज से 50 साल पहले कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या कर, इमरजेंसी लगाकर संविधान को कलंकित किया था। कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ आज भी इमरजेंसी वाली मानसिकता के साथ दोषारोपण और नकारात्मक प्रचार करती रहती हैं। आपातकाल का दंश देने वाली कांग्रेस को राष्ट्र और संविधान से नहीं बल्कि परिवार से प्रेम है। उन्होंने कहा कि बीते 50 सालों में कांग्रेस का चेहरा बदला है लेकिन उनका चरित्र नहीं बदला है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि1975 में देश पर इमरजेंसी थोपने वाली तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तानाशाही का सबसे भयावह चेहरा यह था कि उन्होंने सारी शक्तियां अपने बेटे संजय गांधी को सौंप दी थीं। संजय गांधी ने सभी संस्थाओं को अपने नियंत्रण में ले लिया था। बेटे के जरिए इंदिरा गांधी ने देश की सत्ता को परिवारवाद में कैद कर दिया था।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का यही चरित्र आज भी है। कांग्रेस में आज भी तानाशाही और परिवारवाद है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस देश की छवि को अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर खराब करने की कोशिश कर रही है। फ्री स्पीच को कांग्रेस आज डिजिटल इमरजेंसी की रणनीति के तौर पर इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने कहा कि इमरजेंसी में पत्रकारों पर मुकदमे हुए और आज भी जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं वहां पत्रकारों और एक्टिविस्टों को जेल में डाला जा रहा है।