मुरादाबाद। “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत सोमवार को जनपद मुख्यालय स्थित पंचायत भवन में जिला प्रशासन के निर्देशन में भव्य “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व कलश यात्रा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के दिशा निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संस्थाओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

प्रातः लगभग दस बजे पंचायत भवन परिसर में सोमनाथ मंदिर से लाई गई हवन सामग्री के साथ वैदिक मंत्रोच्चार, कलश पूजा, शिव अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया। वातावरण भक्तिमय नारों और मंत्रों से गूंज उठा। कार्यक्रम में नगर के महापौर विनोद अग्रवाल, श्रीमती अल्पना गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक के सौजन्य से आकांक्षा विद्यापीठ की छात्राओं ने मनमोहक शिव स्तुति प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के सहयोग से पंचायत भवन परिसर में सोमनाथ मंदिर की आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

समाजसेवी गुरबिंदर सिंह के सहयोग से पूरे विधि-विधान के साथ हवन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इसके उपरांत श्रीमती अल्पना गुप्ता ने श्रीमती बबीता मेहरोत्रा की टीम के साथ भक्तिमय वेशभूषा में भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ किया। कलश यात्रा पंचायत भवन से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन शिव मंदिर पहुंची।

कलश यात्रा में शामिल महिला श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला विकास अधिकारी जी.बी. पाठक, उपायुक्त स्वरोजगार राजनाथ भगत, परियोजना निदेशक डीआरडीए श्वेतांक पाण्डेय, उप निदेशक कृषि एस.के. द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडे, डीपीआरओ आलोक शर्मा, सह जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा एवं पर्यटन अधिकारी प्रदीप टम्टा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
