राजस्थान से शुरू हुआ NEET UG 2026 पेपर लीक विवाद अब बड़े फैसले तक पहुंच गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। बताया जा रहा है कि कथित “गेस पेपर” के करीब 125 सवाल असली परीक्षा से मेल खा रहे थे, जिसके बाद परीक्षा की पारदर्शिता पर लगातार सवाल उठ रहे थे। अब 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा दोबारा कराई जाएगी और नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
NTA ने साफ किया है कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी और किसी तरह की अतिरिक्त फीस भी नहीं ली जाएगी। पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी, जबकि परीक्षा केंद्र की प्राथमिकता भी पहले जैसी ही रहेगी। नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। पूरे मामले की जांच अब CBI करेगी।
जानिए अब आगे क्या होगा
- NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई है
- 3 मई को हुई परीक्षा फिर से आयोजित होगी
- नई परीक्षा तिथि जल्द जारी होगी
- छात्रों के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे
- दोबारा रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी
- अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा
- पहले जमा फीस वापस की जाएगी
- परीक्षा केंद्र की पसंद वही रहेगी
- मामले की जांच CBI करेगी
- छात्रों को केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी गई है
बताया जा रहा है कि राजस्थान समेत कई राज्यों में कथित गेस पेपर के दर्जनों सवाल असली पेपर से मेल खाने के दावे सामने आए थे। इसके बाद परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होने लगे। मीडिया रिपोर्ट्स और शिकायतों के आधार पर जांच शुरू हुई, जिसमें प्रारंभिक स्तर पर कई तथ्य संदिग्ध पाए गए। इसके बाद NTA ने परीक्षा प्रक्रिया को आगे जारी रखना उचित नहीं माना और परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया।
NTA ने अपने ताजा बयान में कहा है कि 8 मई 2026 को NEET UG 2026 से जुड़े कुछ मामलों को जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों के पास भेजा गया था। एजेंसी के मुताबिक परीक्षा से जुड़ी शिकायतों और संदिग्ध गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। NTA ने दोहराया कि वह राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं को “fair, secure and credible” यानी निष्पक्ष, सुरक्षित और भरोसेमंद तरीके से आयोजित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
