मुरादाबाद। डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण, पुलिस कार्रवाई, पेंशन, आवास, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा और विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट भी तलब की और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभाग संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं और समाधान की अपेक्षा जताई।
