मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल (आईपीएस) के निर्देशन में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 226 किलोग्राम अवैध गांजा का नियमानुसार विनष्टीकरण (निस्तारण) कराया। यह कार्रवाई माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों, गृह मंत्रालय भारत सरकार तथा पुलिस मुख्यालय उत्तर प्रदेश की मंशा के अनुरूप की गई।
पुलिस के अनुसार जनपद के विभिन्न थानों में मादक पदार्थों से संबंधित पंजीकृत अभियोगों में जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थ, जिनकी अपील अवधि समाप्त हो चुकी थी अथवा अपीलों का निस्तारण हो चुका था, उन्हें नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया अपनाई गई।

जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) की निगरानी में दो थानों पर दर्ज दो अभियोगों से संबंधित कुल 226 किलोग्राम गांजा को नष्ट किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध सुभाष चंद्र गंगवार एवं पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जब्त किए गए मादक पदार्थ का विनष्टीकरण सुशीला बायो मेडिकल वेस्टेज प्लांट प्रा. लि., ग्राम फतेहपुर बिश्नोई, दिल्ली-हरिद्वार बाईपास, थाना छजलैट क्षेत्र, मुरादाबाद में निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया गया।

मुरादाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान निरंतर चलाया जाएगा।
