मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी एवं जॉइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे के साथ फाजलपुर और सादकपुर स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए।

सादकपुर गौ संरक्षण केंद्र में निरीक्षण के दौरान डीएम ने इसे “मॉडल गौशाला” के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यहां देसी गौवंश के गोबर एवं गोमूत्र से “गौ कृपा अमृतम्” तैयार किया जाएगा, जिससे जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा।

इसके लिए अन्य गौशालाओं के देसी गौवंश को भी यहां लाने की योजना बनाई जाएगी। साथ ही चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर हरे चारे की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

फाजलपुर गौ संरक्षण केंद्र में डीएम ने संभावित जलभराव और बाढ़ की समस्या को देखते हुए मजबूत बाउंड्रीवाल और रैंप निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा के दौरान गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि गौ संरक्षण केंद्रों को केवल आश्रय स्थल नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक कृषि और पर्यावरण संरक्षण के सशक्त केंद्रों के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील दत्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
