उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आगामी सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को कलावा, मंगलसूत्र या अन्य धार्मिक प्रतीक पहनकर आने की अनुमति होगी। चेकिंग के दौरान इन्हें जबरन हटाने या उतरवाने की कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
दरअसल, पिछले वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान सुरक्षा जांच के नाम पर अभ्यर्थियों से धार्मिक प्रतीक हटवाने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे कई उम्मीदवारों को असुविधा और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा था। इस बार भर्ती बोर्ड ने धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए ऐसी किसी भी कार्रवाई से बचने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बोर्ड पूरी तरह सतर्क है। नकल पर रोक लगाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। विशेष रूप से स्मार्ट मेटा चश्मे, इलेक्ट्रॉनिक पेन और अन्य हाईटेक गैजेट्स पर नजर रखी जाएगी। इतना ही नहीं, परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारी और शिक्षक भी केंद्र के अंदर मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
गौरतलब है कि प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल यह सिपाही भर्ती परीक्षा 8 से 10 जून के बीच आयोजित होगी। कुल 32,679 पदों पर भर्ती के लिए 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा के सफल और निष्पक्ष आयोजन के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
