कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने घोषणा की है कि वह 6 जून को भारत लौटकर दिल्ली में एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि शिक्षा से जुड़ी विभिन्न परीक्षा गड़बड़ियों और विवादों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए छात्रों और अपने समर्थकों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा संबंधी समस्याओं से प्रभावित हुए हैं और अब उनकी आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का समय आ गया है।
वीडियो में दीपके ने कहा कि सभी लोगों को संविधान और कानून के दायरे में रहते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रखनी चाहिए। उनका दावा है कि यदि छात्र और नागरिक एकजुट होकर अपनी बात रखेंगे तो सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि वह 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचेंगे और समर्थकों से एयरपोर्ट पर आने का आग्रह किया है। इसके बाद प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे संसद मार्ग थाने जाकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे और फिर छात्रों के मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
अभिजीत दीपके का आरोप है कि हाल के वर्षों में विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े विवादों और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने और छात्रों की चिंताओं का समाधान करने की मांग की है।
