दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां संदिग्ध एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद एक इमारत भरभराकर गिर गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने मलबे में दबे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरी इमारत कुछ ही सेकंड में ढह गई। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और लोगों ने बचाव कार्य में टीमों की मदद भी की।
अधिकारियों के अनुसार मलबे में अभी भी एक व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। उसे खोजने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल मौके पर बचाव अभियान जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
