मुरादाबाद। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिजली से जुड़ी समस्याओं के प्रभावी समाधान को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विधायक रितेश गुप्ता, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने विद्युत विभाग, वन विभाग, आवास विकास परिषद एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ओवरलोडिंग, विद्युत चोरी, जर्जर पोलों की स्थिति, ट्रांसफार्मरों की क्षमता, आंधी-तूफान के दौरान बिजली व्यवस्था बनाए रखने तथा जन शिकायतों के निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।

बिजली व्यवस्था सुधारना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी : रितेश गुप्ता
बैठक को संबोधित करते हुए नगर विधायक रितेश गुप्ता ने कहा कि आम जनता को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभागीय अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री की मंशा है कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलें, इसलिए बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा बिजली संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए।

जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता से कार्य करें अधिकारी : गोपाल अंजान
बैठक में विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान ने भी अधिकारियों से जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन और विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
नया मुरादाबाद और गांधी नगर की समस्याओं पर विशेष चर्चा
बैठक के दौरान नया मुरादाबाद और गांधी नगर क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों और चुनौतियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अधिकारियों से क्षेत्रवार समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान की कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

शिकायतों की निगरानी के लिए बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप
जिलाधिकारी राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि बिजली प्रत्येक नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है और इसकी आपूर्ति बाधित होने पर जनजीवन प्रभावित होता है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को जोड़ते हुए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, ताकि विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों की प्रभावी मॉनिटरिंग और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
आंधी-तूफान में तत्काल बहाल करनी होगी बिजली व्यवस्था
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आंधी, तूफान या अन्य आपात परिस्थितियों में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर विभागीय अधिकारी और कर्मचारी तुरंत सक्रिय हों तथा न्यूनतम समय में आपूर्ति बहाल करें। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बिजली चोरी के खिलाफ चलेगा सघन अभियान
बैठक में विद्युत चोरी को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने आगामी सप्ताह से जनपद में व्यापक अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि बिजली चोरी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी ओवरलोड ट्रांसफार्मरों का सर्वे कराकर उनकी सूची तैयार करने और आवश्यक क्षमता वृद्धि के उपाय करने को कहा।
उन्होंने जर्जर और क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को चिन्हित कर उनकी मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन की कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए।
कमजोर पेड़ों का होगा सर्वे, दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक
जिलाधिकारी ने जिला वन अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रमुख सड़कों और विद्युत लाइनों के आसपास खड़े कमजोर, सूखे अथवा दुर्घटना की आशंका वाले पेड़ों का सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं और तूफान के दौरान ऐसे पेड़ गिरने से जान-माल की हानि और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए।

अवैध कटान पर भी प्रशासन सख्त
बैठक में अवैध पेड़ कटान की शिकायतों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने वन विभाग को निर्देश दिए कि चौकियों को सक्रिय कर अवैध कटान पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, एडीएम प्रशासन संगीता गौतम, एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
