पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान सर कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, दो कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद को लेकर कुछ असामाजिक तत्वों ने हंगामा किया और 5 से 6 राउंड फायरिंग की। घटना के दौरान कोचिंग सेंटर के बाहर लगे पोस्टर और बैनर भी फाड़ दिए गए। फायरिंग और तोड़फोड़ के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फुटपाथ दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। मुसल्लहपुर हाट पटना का प्रमुख शैक्षणिक क्षेत्र माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान और छात्रावास मौजूद हैं।
घटना को लेकर खान सर ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने कोचिंग सेंटर पहुंचकर धमकी दी और गार्ड के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उनका कहना है कि कम फीस में शिक्षा उपलब्ध कराने और बेहतर परिणाम देने की वजह से कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। वहीं, पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मारपीट और तोड़फोड़ की घटना की जांच की जा रही है। घायल गार्ड का इलाज चल रहा है और उसके बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
