मुरादाबाद। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक उपनिरीक्षक और दो आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस की ओर से प्रस्तुत की गई आख्या में लगाए गए गंभीर आरोपों के आधार पर की गई।
पुलिस विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार संबंधित कर्मियों के विरुद्ध अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता तथा अकर्मण्यता बरतने के आरोप पाए गए हैं। अधिकारियों की रिपोर्ट में उनके आचरण और कार्यप्रणाली को पुलिस विभाग की अपेक्षित कार्यसंस्कृति के विपरीत माना गया, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसएसपी सतपाल अंतिल द्वारा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों (दण्ड एवं अपील) नियमावली-1991 के नियम 17(1)(A) के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान तीनों कर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मी :
- उपनिरीक्षक विनीत कुमार, थाना पाकबड़ा, जनपद मुरादाबाद
- आरक्षी विपिन कुमार, थाना मझौला, जनपद मुरादाबाद
- आरक्षी रामबहादुर, थाना मझौला, जनपद मुरादाबाद
पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से जिम्मेदारी, पारदर्शिता और अनुशासन की अपेक्षा की जाती है। किसी भी स्तर पर कर्तव्य के प्रति लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
माना जा रहा है कि यह कार्रवाई पुलिस महकमे में जवाबदेही और अनुशासन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है। विभागीय जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
