दिल्ली की जामा मस्जिद थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो अन्य घायल पुलिसकर्मियों का संजीवनी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को शिकायत मिली थी कि एक व्यक्ति अपनी मां और बहन को परेशान कर रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। इसी दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सभी घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज जारी है।
