पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी के गोवा प्लांट से लिए गए पानी के नमूनों की जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद कंपनी ने अपना पक्ष रखा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से अदालत में मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल ने आधिकारिक बयान जारी कर पूरे मामले को करीब 14 महीने पुराना बताया है।
कंपनी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को FSSAI की टीम ने गोवा स्थित प्लांट से पानी के छह नमूने लिए थे। इनमें से पांच नमूने गुणवत्ता के सभी मानकों पर सही पाए गए, जबकि एक नमूने की शुरुआती जांच में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी। निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
बिसलेरी ने बताया कि नवंबर 2025 में अपील के बाद नमूने को रेफरल लैब भेजा गया था। वहां जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली, लेकिन पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी की बात सामने आई। दोनों प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में अंतर होने के बाद कंपनी ने उसी बैच के पानी की एक अन्य FSSAI मान्यता प्राप्त स्वतंत्र लैब में जांच कराई। कंपनी का दावा है कि इस जांच में पानी सभी सुरक्षा मानकों पर खरा उतरा।
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि उपभोक्ताओं के लिए पीने के पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जाती है। बिसलेरी ने यह भी कहा कि मामले के समाधान के लिए वह नियामक प्रक्रिया के तहत FSSAI के साथ सहयोग जारी रखेगी।
गौरतलब है कि 22 नवंबर 2026 को FSSAI ने दो अलग-अलग प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट में नमूने फेल होने के आधार पर बिसलेरी के खिलाफ अदालत में अभियोजन चलाने की मंजूरी देने की जानकारी दी थी। अब इस मामले में कंपनी की सफाई भी सामने आ गई है।
