मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना सहित जनगणना से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनगणना कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 के लिए जिन विभागों के प्रगणक एवं सुपरवाइजर लगाए गए हैं, वे आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने निर्देशित किया कि जनगणना से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित किया जाए तथा स्व-गणना के लिए नागरिकों को अधिक से अधिक जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जाए।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय ने बैठक में बताया कि जनपद में अब तक 18 हजार से अधिक नागरिकों द्वारा स्व-गणना की जा चुकी है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्व-गणना की निर्धारित अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के भीतर अधिक से अधिक नागरिकों की स्व-गणना सुनिश्चित कराई जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्व-गणना की प्रक्रिया के संबंध में आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए उन्हें समय से स्व-गणना पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी और बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है@शांतनु/INN
