अमरोहा, 21 नवंबर। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व (24 नवंबर) से ठीक पहले ऐतिहासिक राजकीय तिगरी धाम गंगा मेले में व्यवस्थाओं और भूमि आवंटन को लेकर सियासी व संगठनात्मक पारा चढ़ गया है। मेले में भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) के ‘अन्नदाता लंगर’ के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने मेला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि जिन स्थलों पर वर्षों से निस्वार्थ भंडारे और लंगर चलते रहे हैं, वहां इस बार व्यावसायिक टेंट सिटी और ठेकेदारी को तरजीह दी गई है, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था के इस पावन मंच को कारोबार का अड्डा बना दिया गया है।

गजरौला क्षेत्र के गंगा तट पर लगे राजकीय मेले में 24 सेक्टरों के बीच श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद और तैयारियों के दावों के बीच किसान संगठन ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सीधे सवाल खड़े किए हैं। नरेश चौधरी ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी अन्नदाता लंगर में श्रद्धालुओं को खिचड़ी और प्रसाद वितरित किया गया, लेकिन मेला प्रशासन की कथित मनमानी ने सेवा भाव के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। उनका आरोप है कि भंडारों व लंगरों के लिए पारंपरिक रूप से इस्तेमाल होने वाली करीब सौ बीघा जमीन व्यवसायिक टेंट सिटी के ठेकेदार के हवाले कर दी गई, जबकि छोटे दुकानदारों से बिना रसीद दिए जगह आवंटित करने के नाम पर मनमाना किराया वसूला जा रहा है।

किसान नेता ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि राजकीय दर्जा मिलने के बाद मेले के भव्य स्वरूप और सुविधाओं के दावे तो खूब किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत में धार्मिक स्थल को बाजार में तब्दील करने का खेल चल रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि आस्था, सेवा और छोटे व्यापारियों के हितों की अनदेखी कर इसी तरह व्यावसायिक ठेकेदारी व अवैध वसूली को बढ़ावा दिया गया, तो किसान संगठन इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा और प्रशासन की इस कथित मनमानी के खिलाफ सड़क से लेकर उच्च स्तर तक आवाज बुलंद की जाएगी@ब्यूरो/INN
