मुरादाबाद। मेरा युवा भारत, मुरादाबाद (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में शनिवार, 21 नवंबर 2026 को के.जी.के. पी.जी. कॉलेज, मुरादाबाद में विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-2047’ रहा, जिसमें जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए नशे के दुष्प्रभावों, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विशेष गुप्ता, निवर्तमान अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग, उत्तर प्रदेश सरकार, सुनील कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी, मेजर दीपक भारद्वाज, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, मुरादाबाद, दीपक मेंहदीरत्ता, कृषि वैज्ञानिक एवं वरिष्ठ समाजसेवी, प्रशांत कुमार, जनपद सलाहकार, तंबाकू नियंत्रण मुरादाबाद, सचिन कुमार, जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, जोगिंदर सिंह, ए.पी.ए., डॉ. संजय जौहरी, प्रोफेसर सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ गीत से हुई।

युवा संसद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों, युवाओं के स्वास्थ्य एवं भविष्य पर इसके प्रतिकूल प्रभाव तथा नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर अपने विचार रखे। निर्णायक मंडल के सदस्यों ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि विशेष गुप्ता ने अपने संबोधन में युवाओं से अपने उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए नशे से दूर रहने तथा शारीरिक गतिविधियों एवं खेलों से जुड़ने का आह्वान किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार ने युवाओं को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उन्हें अनुशासन और सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जगमीत सिंह, द्वितीय स्थान दीपांशु तथा तृतीय स्थान समृद्धि शर्मा ने प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि विशेष गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार, डॉ. प्रशांत कुमार, मेजर दीपक भारद्वाज एवं दीपक मेंहदीरत्ता द्वारा प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रशांत कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सचिन कुमार, जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत ने युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक एवं सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित युवाओं को ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-2047’ की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में युवाओं ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं जिम्मेदार युवा शक्ति के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया@शांतनु/INN
