मुरादाबाद।महानगर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य पदार्थों के कारोबार पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर में बड़े पैमाने पर संदिग्ध नकली पनीर की आपूर्ति और खपत की सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम ने अमरोहा गेट स्थित पनीर-खोया मंडी के बाहर छापेमारी कर करीब 350 किलोग्राम संदिग्ध पनीर बरामद किया है। पनीर को एक प्रेस लिखी ईको गाड़ी में भरकर मंडी के भीतर खपाने के लिए लाया जा रहा था। इसी दौरान सहायक खाद्य आयुक्त राजवंश श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई कर दी। टीम को देखकर गाड़ी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। विभाग ने बरामद पनीर का नमूना लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया है। वहीं, बरामद पनीर को नष्ट कराने की कार्रवाई भी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक खाद्य सुरक्षा विभाग को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि महानगर में संदिग्ध और मिलावटी पनीर की बड़े स्तर पर आपूर्ति की जा रही है। इस पनीर को अलग-अलग माध्यमों से शहर की मंडियों और बाजारों में पहुंचाकर खपाया जा रहा है। इसी सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने निगरानी शुरू की। रविवार को अमरोहा गेट स्थित पनीर-खोया मंडी के गेट पर टीम ने संदिग्ध ईको गाड़ी को रोककर जांच की तो उसमें बड़ी मात्रा में पनीर भरा मिला। गाड़ी पर प्रेस लिखा हुआ था। प्रारंभिक कार्रवाई में करीब साढ़े तीन क्विंटल यानी 350 किलो पनीर बरामद होने की जानकारी सामने आई है। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

विभागीय कार्रवाई के दौरान सामने आया कि बरामद पनीर को पनीर-खोया मंडी में पहुंचाया जा रहा था। आशंका है कि यहां से इसकी आपूर्ति आगे बाजारों और दुकानों तक की जानी थी। हालांकि पनीर कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी, इसका खुलासा अभी जांच के बाद ही हो सकेगा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वाहन और उसमें रखे पनीर की जांच कर नमूना संग्रहित किया। चालक के फरार होने के कारण वाहन के स्वामित्व और पनीर की आपूर्ति से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण हो गई है।

पूरी कार्रवाई सहायक खाद्य आयुक्त राजवंश श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई। विभागीय टीम ने मौके से बरामद पनीर को अपने कब्जे में लेकर खाद्य नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। विभाग का कहना है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। बरामद पनीर को नष्ट कराने की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है, ताकि संदिग्ध खाद्य सामग्री बाजार में दोबारा न पहुंच सके@INN
