बिहार के एक सेशन जज की कार्यप्रणाली पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है। पुलिस अधिकारी को FIR दर्ज करने के निर्देश का पालन नहीं करने पर दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने के मामले में शीर्ष अदालत ने जज को जमकर फटकार लगाई।
सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने जज की कानूनी समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून के बारे में आपकी समझ बेहद निराशाजनक है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या सेशन जज ने जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को तलब कर, उसी दिन उन्हें दोषी ठहराते हुए सजा सुनाकर अपने अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन किया?
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अदालत के किसी आदेश का पालन नहीं करना अपने आप में अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता। BNSS की धारा 384 और CrPC की धारा 345 के तहत अदालत को केवल कुछ विशेष परिस्थितियों में ही सीधे कार्रवाई करने का अधिकार है।
कोर्ट ने जज के वकील से कहा कि वे अपने मुवक्किल को सलाह दें कि वह ‘बाहुबली’ की तरह व्यवहार करना बंद करें। पीठ ने जोर दिया कि न्यायिक अधिकारियों को अपने अधिकारों और कानूनी सीमाओं को समझते हुए ही कार्रवाई करनी चाहिए।
