साल 2018 के मानहानि मामले में दिल्ली की साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। आरोप है कि ध्रुव राठी ने अपने यूट्यूब चैनल पर ‘BJP IT Cell Part II’ नाम से वीडियो जारी कर उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठे और मानहानिकारक आरोप लगाए थे।
इससे पहले अक्टूबर में भी कोर्ट की ओर से ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किए गए थे। बताया गया कि समन तामील कराने पहुंची टीम को उनके पते पर ताला लगा मिला था। इसके बाद गुरुग्राम स्थित उनके पते पर दोबारा समन भेजे गए।
मामले की सुनवाई मुख्य जज की अनुपस्थिति में ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने की। कोर्ट ने अब अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख निर्धारित की है। गौरतलब है कि इस मामले में साल 2019 में पहली बार ध्रुव राठी को समन जारी किया गया था।
