पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश जारी किए हैं। अदालत ने अपीलों के जल्द और पारदर्शी निपटारे के लिए अपील ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने को कहा है। साथ ही वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और नाम हटाए जाने से संबंधित मामलों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने नाम जुड़वाने से जुड़ी अपीलों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता के अलग-अलग हिस्सों में ट्रिब्यूनल स्थापित करने और स्थानीय निकाय चुनावों को देखते हुए 7 नगर निगम क्षेत्रों की लंबित अपीलों का प्राथमिकता से निपटारा करने को कहा है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लोगों को वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने के कारण सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, वे हाईकोर्ट का रुख कर सकते हैं।
सुनवाई के दौरान बताया गया कि कुल 38 लाख अपीलों में से करीब 22 लाख अपीलें उन मतदाताओं की हैं, जिनके नाम SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
वहीं, चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने वाले मतदाता अंतिम सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। इसके लिए उन्हें किसी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
