मुरादाबाद। रिंग रोड तथा मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा-काशीपुर मार्ग के निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान परियोजना निदेशक एनएचएआई ने बताया कि मुरादाबाद रिंग रोड का लगभग 85 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। लगभग 655 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस परियोजना को मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।इसी प्रकार मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा-काशीपुर मार्ग का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। लगभग 620 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस परियोजना को जून 2027 तक पूर्ण किया जाना है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दोनों परियोजनाओं की प्रत्येक सप्ताह नियमित समीक्षा की जाए तथा निर्माण कार्य की प्रगति में निरंतर तेजी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ये दोनों परियोजनाएं मुरादाबाद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनके पूर्ण होने से मुरादाबाद शहर में यातायात के दबाव एवं जाम की समस्या को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। साथ ही रामनगर एवं उत्तराखंड के अन्य प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों एवं पर्यटकों को मुरादाबाद शहर के अंदर से होकर गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावना तथा जाम के कारण उत्पन्न होने वाली अन्य समस्याओं में भी कमी आएगी@शांतनु/INN
