मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत सभी कार्यालयाध्यक्षों एवं नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में ईपीडीएस पोर्टल पर फार्म-1 एवं फार्म-2 भरने तथा आवश्यक डाटा तैयार करने के संबंध में नोडल अधिकारियों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों को पोर्टल पर निर्धारित प्रारूप में सही एवं अद्यतन सूचनाएं समय से उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागाध्यक्षों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके विभागों में कार्यरत समस्त कार्मिकों का विवरण ईपीडीएस पोर्टल के माध्यम से 15 दिसंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण की जा सकें।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री आकिब हुसैन सहित संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे@शांतनु/INN
