मुरादाबाद, 23 नवंबर। प्रदेश की योगी सरकार के गरीब व जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के संकल्प को साकार करते हुए मुरादाबाद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दो बड़े आयोजन होने जा रहे हैं। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले को कुल 897 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष अब तक आयोजित दो कार्यक्रमों में 602 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। अब आगामी 26 नवंबर को 95 और 28 नवंबर को 200 यानी कुल 295 और जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इन दोनों आगामी आयोजनों के साथ ही मुरादाबाद जिले को मिला इस वित्तीय वर्ष का 897 जोड़ों का पूरा लक्ष्य शत-प्रतिशत संपन्न हो जाएगा।
26 व 28 नवंबर को दो स्थानों पर सजेंगे विवाह मंडप
जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से दोनों प्रस्तावित कार्यक्रमों की तारीख और स्थान तय कर लिए गए हैं। पहला कार्यक्रम 26 नवंबर को मुरादाबाद शहर के लाइन पार स्थित रामलीला मैदान में होगा, जहां 95 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद 28 नवंबर को रामपुर रोड स्थित आर्केडिया ग्रीन में दूसरा बड़ा आयोजन होगा, जिसमें 200 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। इस तरह इन दो प्रस्तावित कार्यक्रमों से 295 नए जोड़ों को योजना का लाभ मिलेगा।
897 लाख के बजट में 535.28 लाख खर्च, चार कार्यक्रमों में पूरा होगा वार्षिक लक्ष्य
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शासन की ओर से मुरादाबाद जिले को 897 जोड़ों के लक्ष्य के साथ कुल 897.00 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। विभाग की ओर से अब तक कराए गए दो सामूहिक विवाह कार्यक्रमों (602 जोड़ों के विवाह) पर 535.28 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि 361.72 लाख रुपये की धनराशि शेष उपलब्ध है। आगामी 26 और 28 नवंबर के दोनों प्रस्तावित कार्यक्रमों के संपन्न होने के साथ ही इस वर्ष कुल चार आयोजनों के जरिए जिले का पूरा वार्षिक लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
व्यापक प्रचार-प्रसार से हर पात्र परिवार तक पहुंच रही योजना
योगी सरकार की मंशा है कि आर्थिक संसाधनों के अभाव में किसी भी पात्र परिवार को बेटियों के विवाह की चिंता न करनी पड़े और हर जरूरतमंद तक सरकारी मदद समय पर पहुंचे। इसी उद्देश्य के तहत समाज कल्याण विभाग ने पूरे जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार कर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई है, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार सम्मानपूर्वक इसका लाभ उठा सकें।
“योगी सरकार की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाया जा रहा है। जिले में अब तक आयोजित दो कार्यक्रमों में 602 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। आगामी 26 नवंबर को 95 और 28 को 200 यानी कुल 295 जोड़ों के विवाह की तैयारियां पूरी हैं। इन आयोजनों के साथ ही इस वर्ष का पूरा लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।”
— प्रज्ञा वाजपेयी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, मुरादाबाद@शांतनु/INN
