मुरादाबाद। साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल के बीच मुरादाबाद साइबर क्राइम सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑनलाइन ठगी की शिकार महिला की 99,998 रुपये की पूरी रकम (शत-प्रतिशत) वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, थाना मैनाठेर क्षेत्र के फतेहपुर खास, ब्लॉक कुंदरकी निवासी एक महिला को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर स्वयं को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट कराने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला से बैंकिंग और कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद साइबर ठगों ने महिला के खाते से 99,998 रुपये ट्रांसफर कर लिए।
ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने तत्काल साइबर क्राइम सेल मुरादाबाद में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर साइबर सेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देशन में साइबर टीम ने संबंधित बैंक और भुगतान प्लेटफॉर्म से समन्वय स्थापित कर धनराशि को ट्रेस किया और पूरी रकम पीड़िता के खाते में वापस कराई।
त्वरित शिकायत से बची पूरी रकम
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में यदि पीड़ित 24 से 48 घंटे के भीतर शिकायत दर्ज करा देता है तो धनराशि को होल्ड कर वापस कराने की संभावना काफी बढ़ जाती है। इस मामले में भी समय रहते शिकायत दर्ज होने से पूरी रकम सुरक्षित वापस मिल सकी।
साइबर सेल की अपील: गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें
साइबर क्राइम सेल ने नागरिकों से अपील की है कि वे बैंक खाते, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, ओटीपी, सीवीवी, पिन या पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। बैंक या वित्तीय संस्थान कभी भी फोन पर ऐसी जानकारी नहीं मांगते।
साइबर ठगी से बचने के लिए रखें ये सावधानियां :
किसी भी अज्ञात कॉल पर बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
अलग-अलग खातों के लिए मजबूत और अलग पासवर्ड रखें।
केवल सुरक्षित (HTTPS) वेबसाइटों पर ही वित्तीय लेन-देन करें।
ऑनलाइन बैंकिंग के लिए सार्वजनिक वाई-फाई का उपयोग न करें।
सिम ब्लॉक, कैश रिवार्ड या केवाईसी अपडेट के नाम पर आने वाली कॉल और संदेशों से सतर्क रहें।
किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस ने लोगों से “जागरूक रहिए, सुरक्षित रहिए” का संदेश देते हुए साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।
