मुरादाबाद। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में जातिसूचक शब्द कहने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना पाकबड़ा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति मुकेश के साथ गांव के ही बड्डन उर्फ बद्दन तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। मुकेश द्वारा इसका विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मुकेश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 2 जून की सुबह करीब 7 बजे उनकी मृत्यु हो गई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना पाकबड़ा में मु0अ0सं0 131/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस तथा धारा 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हत्या जैसे गंभीर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी हाईवे के पर्यवेक्षण में पाकबड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी बड्डन उर्फ बद्दन पुत्र नोबत सिंह निवासी ग्राम उमरी सब्जीपुर, थाना पाकबड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है तथा पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष योगेश कुमार, उपनिरीक्षक राजकुमार, हेड कांस्टेबल राजीव मलिक, कांस्टेबल विक्रांत तथा आरक्षी सर्वेश कुमार की टीम शामिल रही@जफर-INN
