मुरादाबाद। थाना भगतपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बस चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर भीला निवासी सोनू अपने दोस्तों हुसैन और रहीम के साथ मोटरसाइकिल से टांडा रामपुर की ओर जा रहा था। बुधवार सुबह जब उनकी बाइक सिरसवा हरचन्द गांव के मोड़ के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा रामपुर पहुंचाया।
चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए फोटोन अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं हुसैन और रहीम का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के भाई महेन्द्र ने थाना भगतपुर में तहरीर देकर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
