पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी को उस समय झटका लगा जब विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बोस ने ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष के नेता के रूप में मान्यता दे दी। इसके बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया कि उनके साथ TMC विधायक दल के 58 विधायक हैं, जबकि दो अन्य विधायक भी जल्द उनके खेमे में शामिल होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें कुल 60 विधायकों का समर्थन प्राप्त है।
हालांकि, ऋतब्रत बनर्जी ने यह भी स्पष्ट किया कि ममता बनर्जी ही उनकी नेता रहेंगी। उन्होंने कहा कि उनका समूह राज्य सरकार की उन नीतियों का विरोध करेगा जिन्हें वह जनहित के खिलाफ मानता है, लेकिन केवल विरोध के लिए विरोध नहीं किया जाएगा। इस दौरान ऋतब्रत ने ममता बनर्जी से अपील करते हुए कहा कि वह तृणमूल कांग्रेस विधायक दल की मुख्य सलाहकार की भूमिका स्वीकार करें और पार्टी को मार्गदर्शन देती रहें।
