मुरादाबाद। मुरादाबाद के ग्रामीण इलाकों में लगातार सामने आ रही तेंदुओं की गतिविधियों के बीच मंगलवार सुबह वन विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली। ग्राम सहसपुरी में लगाए गए ट्रैप केज में एक तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे कब्जे में लेकर रेस्क्यू की कार्रवाई पूरी की।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में तेंदुए की लगातार सक्रियता को देखते हुए वन विभाग की ओर से निगरानी बढ़ाने के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर ट्रैप केज लगाए गए थे। इसी क्रम में सहसपुरी गांव में लगाए गए पिंजरे में मंगलवार सुबह तेंदुआ फंस गया। पिंजरे में तेंदुआ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में कौतूहल के साथ कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बना रहा।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और तेंदुए को पिंजरे के साथ सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई की। मुरादाबाद रेंज में अब तक नौ तेंदुओं के सफल रेस्क्यू की जानकारी सामने आई है। इससे पहले सोमवार को सलेमपुर गांव में भी एक तेंदुआ ट्रैप केज के माध्यम से पकड़ा गया था।
लगातार बढ़ाई जा रही निगरानी
तेंदुओं की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग और प्रशासन की टीमें संवेदनशील गांवों में लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में ट्रैप केज के साथ ड्रोन और अन्य निगरानी तकनीकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। हाल के दिनों में ठाकुरद्वारा और कांठ क्षेत्र के कई गांवों में तेंदुओं की मौजूदगी सामने आने के बाद वन विभाग ने अभियान तेज किया है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। लोगों से कहा गया है कि वे अकेले खेतों में न जाएं और विशेषकर सुबह तथा शाम के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें। गन्ने के खेतों में काम करते समय भी सावधानी रखने की अपील की गई है, क्योंकि इन दिनों तेंदुओं की गतिविधियां ऐसे क्षेत्रों में अधिक देखी जा रही हैं।
लगातार रेस्क्यू से राहत की उम्मीद
सहसपुरी में नौवें तेंदुए के पकड़े जाने के बाद आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि क्षेत्र में तेंदुओं की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों की चिंता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। वन विभाग का अभियान आगे भी जारी रहने की उम्मीद है, ताकि आबादी वाले क्षेत्रों में सक्रिय अन्य तेंदुओं को भी सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके@जफर/इन
