मुरादाबाद, 25 अगस्त 2026।वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, उनके विधिक अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक-शैक्षिक कार्यकर्ता शहज़ाद अनवर शम्सी को वक्फ इंसाफ फोरम ऑफ इंडिया (W.I.F.I.) द्वारा उत्तर प्रदेश इकाई का प्रदेश अध्यक्ष (State President) मनोनीत किया गया है। इसके साथ ही उन्हें संगठन की राष्ट्रीय संचालन समिति (National Steering Committee) का सदस्य भी नियुक्त किया गया है।
नई दिल्ली स्थित वक्फ इंसाफ फोरम ऑफ इंडिया के केंद्रीय कार्यालय से राष्ट्रीय संयोजक एवं संस्थापक अब्दुल नईम खान द्वारा 24 अगस्त 2026 को जारी मनोनयन पत्र में यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फलाहे दारेन (F.D.) इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं शहजाद अनवर शमसी :
शहजाद अनवर शम्सी लंबे समय से सामाजिक, शैक्षिक एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह फलाहे दारेन (F.D.) इंटर कॉलेज, काठ दरवाज़ा, मुरादाबाद के प्रबंधक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। संगठन ने उनके अनुभव, सामाजिक सरोकार और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उत्तर प्रदेश में संगठन को नई मजबूती देने की जिम्मेदारी सौंपी है।
संगठन के विस्तार, जनपद व वार्ड स्तर से संगठन के विस्तार के साथ ही वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा, विधिक संरक्षण, पारदर्शी उपयोग पर रहेगा फोकस :
प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी प्राथमिक जिम्मेदारियों में उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों, नगरों, वार्डों एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक संगठन का मजबूत ढांचा तैयार करना, वक्फ संपत्तियों के संरक्षण एवं सुरक्षा के लिए जनजागरूकता बढ़ाना तथा संगठन के राष्ट्रव्यापी ‘मास प्लांटेशन’ अभियान को उत्तर प्रदेश में प्रभावी ढंग से संचालित करना शामिल है।
इसके अलावा वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, कानूनी सुरक्षा एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों एवं बुद्धिजीवियों के परामर्श से प्रभावी कार्यक्रमों को गति देना भी उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।
शहज़ाद अनवर शम्सी ने नई जिम्मेदारी मिलने पर वक्फ इंसाफ फोरम ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय संयोजक एवं संस्थापक अब्दुल नईम खान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन के उद्देश्यों को उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियां केवल संपत्ति नहीं, बल्कि सामाजिक एवं जनकल्याण की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इनके संरक्षण, पारदर्शी उपयोग और कानूनी सुरक्षा के लिए समाज के जागरूक लोगों को साथ लेकर व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विधिक विशेषज्ञों को इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
वक्फ इंसाफ फोरम ऑफ इंडिया की इस नियुक्ति को मुरादाबाद के सामाजिक, शैक्षिक एवं पत्रकारिता जगत में शहज़ाद अनवर शम्सी की सक्रिय भूमिका और अनुभव के प्रति महत्वपूर्ण विश्वास के रूप में देखा जा रहा है/INN
