डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर अस्थायी रिहाई मिल गई है। रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम को 21 दिन की पैरोल मंजूर हुई है। पैरोल मिलने के बाद वह सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय पहुंच गया है।
राम रहीम को 2026 में इससे पहले जनवरी में 40 दिन की पैरोल मिली थी। इसके बाद 26 मई को उसे 30 दिन के लिए जेल से बाहर आने की अनुमति दी गई थी। यह अवधि पूरी होने पर वह 26 जून को वापस सुनारिया जेल पहुंचा था। अब अगस्त में एक बार फिर 21 दिन की पैरोल मिलने के साथ वह जेल से बाहर है।
रिपोर्टों के मुताबिक, हाल के समय में यह लगातार तीसरी बार है जब राम रहीम को सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में रहने की अनुमति मिली है। इससे पहले उसकी कई पैरोल के दौरान उसे उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित डेरा आश्रम में रहने की अनुमति दी गई थी।
राम रहीम को 2017 में दो महिला अनुयायियों से दुष्कर्म के मामलों में दोषी ठहराया गया था। दोनों मामलों में उसे 10-10 साल की सजा सुनाई गई, जो लगातार चलने के कारण कुल 20 साल की सजा बनती है।
इसके अलावा पूर्व डेरा प्रबंधक रणजीत सिंह और पत्रकार राम चंदर छत्रपति की हत्या के मामलों में भी उसे दोषी ठहराया गया था। हालांकि, रणजीत सिंह हत्याकांड में मई 2024 और राम चंदर छत्रपति हत्याकांड में मार्च 2026 में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने उसे बरी कर दिया।
