मुरादाबाद। नवागत मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मंगलवार को कमिश्नरी कार्यालय पहुंचकर मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त पद का कार्यभार ग्रहण किया। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने कमिश्नरी पहुंचने पर नवागत मंडलायुक्त का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

मंडलायुक्त का पदभार संभालने के बाद संगीता सिंह ने मंडल के प्रशासनिक कार्यों और प्रमुख विषयों की जानकारी ली। उनके मुरादाबाद आगमन के साथ ही मंडल प्रशासन को अनुभवी अधिकारी का नेतृत्व मिला है।कार्यभार ग्रहण करने के बाद संगीता सिंह ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताएं ही उनके प्रशासनिक एजेंडे का आधार होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, सामाजिक सौहार्द कायम रखना और जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंडलायुक्त ने विशेष रूप से महिला स्वास्थ्य और महिलाओं से जुड़े मामलों को लेकर गंभीरता जताई। उन्होंने कहा कि महिला केंद्रित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ही महिलाओं से संबंधित समस्याओं पर त्वरित और प्रभावशाली कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पद का मूल उद्देश्य जनता की सेवा करना है। उनका प्रयास रहेगा कि लोगों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान कराया जाए और प्रशासन के स्तर से उन्हें अधिकतम राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों और मंडल की समस्याओं को समझने के बाद आने वाले समय में प्राथमिकताओं को और अधिक स्पष्ट रूप दिया जाएगा।
संगीता सिंह ने बताया कि अलीगढ़ में किए गए कुछ नवाचारों और प्रभावी प्रयासों को मुरादाबाद में भी लागू करने की संभावनाएं तलाशेंगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अलीगढ़ में एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम को लागू कराने के साथ उसकी नियमित मॉनीटरिंग की गई थी। मुरादाबाद में भी इस अभियान की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
राजस्व मामलों में बेहतर प्रशासन और पारदर्शिता के लिए अलीगढ़ में अपनाए गए ‘श्रीजी’ यानी ‘स्मार्ट रेवेन्यू रेगुलेशन फॉर गुड गवर्नेंस’ मॉडल को मुरादाबाद मंडल में लागू करने की बात भी उन्होंने कही। इसके अलावा कुपोषण की समस्या से निपटने के लिए कुपोषित बच्चों को पोषण की श्रेणी से बाहर लाने के उद्देश्य से पोषण किट वितरण और उसकी निगरानी पर भी जोर दिया जाएगा।

अलीगढ़ की मंडलायुक्त रह चुकी हैं संगीता सिंह
संगीता सिंह इससे पहले अलीगढ़ की मंडलायुक्त के पद पर तैनात थीं। शासन स्तर पर हुए तबादलों के बाद उन्हें मुरादाबाद मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 16 जनवरी 2025 को उन्हें अलीगढ़ का मंडलायुक्त बनाया गया था।
संगीता सिंह वर्ष 2009 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्ष 2015 में आईएएस कैडर में पदोन्नत हुई थीं। अपने लंबे प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली है।
सुल्तानपुर की जिलाधिकारी से लेकर शासन तक निभाईं अहम जिम्मेदारियां
संगीता सिंह सुल्तानपुर की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं। इसके अलावा शासन में विशेष सचिव के पद पर भी तैनात रहीं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की नेशनल हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली। उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाइज कॉरपोरेशन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण दायित्व निभाया है।
लखनऊ में नेडा से जुड़े पद पर तैनाती के साथ ही उन्होंने स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग से संबंधित जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव में लखनऊ, प्रयागराज, सुल्तानपुर और अलीगढ़ समेत प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनाती शामिल रही है।
आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद हुआ तबादला
बता दें कि रविवार देर रात शासन ने 17 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। मुरादाबाद के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद उन्हें उनके मूल कैडर सिक्किम भेजा गया है। वहीं, अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद मंडल की नई मंडलायुक्त नियुक्त किया गया।
संगीता सिंह का जन्म 4 जनवरी 1968 को इटावा में हुआ था। उन्होंने राजनीति विज्ञान से एमए किया है। अब मुरादाबाद मंडल की नई मंडलायुक्त के रूप में उनके सामने मंडल के विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्था और शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी@शांतनु/INN
