उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को लेकर बड़ा चुनावी ऐलान किया है। लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा सांसद डिंपल यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और समय के साथ इस राशि में बढ़ोतरी की जाएगी।
डिंपल यादव ने कहा कि योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और जरूरत के मुताबिक इसमें सुधार भी किए जाएंगे। उनका कहना था कि पार्टी का लक्ष्य महिलाओं को सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनाना है।
अखिलेश बोले- आधी आबादी के बिना विकास अधूरा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश की तरक्की में महिलाओं की बराबर भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी के बिना देश की प्रगति पूरी नहीं हो सकती। अखिलेश ने अपनी पिछली सरकार के फैसलों का जिक्र करते हुए 1090 महिला हेल्पलाइन समेत कई योजनाओं को उदाहरण बताया।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए 1090 व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। पुलिस विभाग में 33 फीसदी महिला आरक्षण, महिलाओं और बच्चों के लिए एंबुलेंस सेवा तथा इंटर पास छात्राओं को लैपटॉप देने की योजना लागू करने की बात भी कही गई।
बंद स्कूलों को फिर खोलने का दावा
सपा नेतृत्व ने कहा कि सत्ता में वापसी के बाद आठवीं कक्षा तक के बंद किए गए स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा। इसके अलावा हर जिले में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने का भी दावा किया गया।
डिंपल यादव ने पार्टी के PDA फॉर्मूले का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें ‘A’ का अर्थ आधी आबादी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को पार्टी अपनी प्राथमिकता मानती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद प्रिया सरोज, इकरा हसन और अन्य महिला नेता भी मंच पर मौजूद रहीं।
