मुरादाबाद। रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर बुधवार को पंचायत भवन में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को केंद्र में रखते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को सुना। इस दौरान प्रदेश सरकार की ओर से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए शुरू की गई आजीवन निशुल्क कृपा सेवा की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम का माहौल उस समय और भावपूर्ण हो गया, जब महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह समेत अन्य अतिथियों को राखी बांधी। मंत्री ने भी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उपहार स्वरूप धनराशि भेंट की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह ने जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों में महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार महिलाओं को केवल लाभार्थी के तौर पर नहीं, बल्कि विकास की भागीदार के रूप में देख रही है। स्वयं सहायता समूहों, रोजगार, शिक्षा, सुरक्षा और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की महिलाएं आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं।

चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल पर्व और परंपराओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत करना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार इसी सोच के साथ महिला केंद्रित योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन की परंपरा, सरकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण का संदेश एक साथ दिखाई दिया। उपस्थित महिलाओं ने सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी की@शांतनु/INN
