भोजपुर। नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। पैगंबर हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम की पैदाइश की खुशी में नगर और गांवों में जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत कर मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम दिया।

भोजपुर में जुलूस-ए-मुहम्मदी जामा मस्जिद से शुरू होकर खद्दर बाजार, झादेवाला, मनिहारान, फतेहपुरी, बगिया वाला, नावपुर, घास मंडी और बस स्टैंड होते हुए मदरसा फैजे रसूल के निकट स्थित ईदगाह मैदान पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ। रास्ते भर लोगों ने अकीदत का इजहार किया और जश्ने ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।
उलेमाओं ने दिया इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद का संदेश
जुलूस के दौरान उलेमाओं ने पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब की जिंदगी और उनकी शिक्षाओं पर रोशनी डालते हुए कहा कि उन्होंने पूरी दुनिया को इंसानियत, अमन, मोहब्बत, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने की अपील की।

नगर इमाम भोजपुर मौलाना हनीफ मिस्बाही ने तकरीर करते हुए भोजपुर की आवाम से गरीबों, बेसहारा और बीमार लोगों की मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों तक आटा, चावल और अन्य खाद्य सामग्री पहुंचाई जाए। बीमार लोगों को भोजन के साथ दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं और गरीब बेटियों की शादियों में सहयोग किया जाए।
उन्होंने कहा कि विवाह, जन्मदिन और अन्य आयोजनों में दिखावे और फिजूलखर्ची से बचकर उस धन को दीनी मदरसों और दुनियावी शिक्षा प्राप्त कर रहे यतीम एवं गरीब बच्चों की पढ़ाई पर खर्च किया जाए। साथ ही बेसहारा बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उठाने का भी आह्वान किया।

सांसद रुचि वीरा ने दी मुबारकबाद
कार्यक्रम में पहुंचीं मुरादाबाद की सपा सांसद रुचि वीरा ने जश्ने ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद पेश की और लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की। नगर पंचायत चेयरमैन पुत्र अर्शमान अंसारी ने भी मंच से लोगों को जश्ने ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इंस्पेक्टर शरद मलिक, वरिष्ठ उप निरीक्षक महेश कुमार मलिक, क्राइम इंस्पेक्टर विनोद यादव, कस्बा चौकी प्रभारी अनुज कुमार समेत पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। पुलिस टीम ने जुलूस के दौरान लगातार निगरानी रखी और शांतिपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न कराया।
तीन दर्जन गांवों में भी निकला जुलूस
उधर, भोजपुर क्षेत्र के पीपलसाना, लालूवाला, महमूदपुर तिगरी, रुस्तमपुर तिगरी, रानी नांगल, गोधी, हमीरपुर, सरदारनगर अटरिया, बहेड़ी ब्रह्मान, सिढलऊ नजरपुर और इस्लामनगर समेत करीब तीन दर्जन गांवों में भी जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने अकीदत के साथ जुलूस में हिस्सा लिया।

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस फोर्स के साथ जुलूस वाले गांवों का निरीक्षण करते रहे और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। पुलिस की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ@जफर/INN
