मुरादाबाद : जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने जिला चिकित्सालय के ओपीडी परिसर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, उपचार एवं जांच व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। जिलाधिकारी के आकस्मिक निरीक्षण से चिकित्सालय की व्यवस्थाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की भी जानकारी प्राप्त हुई।
निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय के ओपीडी परिसर में सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी अपनी निर्धारित वेशभूषा में उपस्थित पाए गए। ओपीडी में मरीजों के उपचार एवं आवश्यक जांच का कार्य सुचारू रूप से संचालित होता मिला। चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को चिकित्सकों द्वारा समय से उपचार उपलब्ध कराया जा रहा था।
व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने उपचार एवं जांच की प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

साफ-सफाई व्यवस्था का भी लिया जायजा
जिलाधिकारी ने ओपीडी परिसर सहित चिकित्सालय में साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान में स्वच्छता एवं रखरखाव की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
चिकित्सालय भवन के रंग-रोगन के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय भवन की स्थिति का भी जायजा लिया और भवन में आवश्यक रंग-रोगन एवं रखरखाव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद चिकित्सालय भवन के बाहरी हिस्से में अच्छी गुणवत्ता के पेंट से रंग-रोगन कराया जाए। साथ ही ओपीडी के अंदर स्थित कक्षों में भी शीघ्र ही गुणवत्तापूर्ण पेंट कराया जाए, जिससे चिकित्सालय का वातावरण अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित और मरीजों के अनुकूल बनाया जा सके।
बड़ी संख्या में मरीजों को मिल रहा उपचार
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन काफी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय जनपद ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
शीघ्र स्थापित होगी MRI मशीन, पूरे मंडल के मरीजों को मिलेगा लाभ
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला चिकित्सालय में शीघ्र ही MRI मशीन स्थापित की जाने वाली है। MRI मशीन की स्थापना से गंभीर एवं जटिल रोगों की जांच की सुविधा जिला चिकित्सालय में ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे मुरादाबाद जनपद के साथ-साथ पूरे मंडल के मरीजों को लाभ मिलेगा और उन्हें उच्चस्तरीय जांच के लिए दूर के चिकित्सा संस्थानों पर निर्भरता कम होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार मरीजों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। MRI जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर आवश्यक जांच कराने और चिकित्सकों को बेहतर उपचार योजना तैयार करने में सहायता मिलेगी@शांतनु/INN
