मुरादाबाद। थाना मझोला क्षेत्र में खदाना चौकी के पास मलकद्दे के चट्टा पुल पर शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रिश्तेदारी में जा रहा एक परिवार बाइक समेत पुल से फिसलकर नदी में जा गिरा। बाइक पर युवक, उसकी पत्नी और तीन बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में दो बच्चों को स्थानीय गोताखोरों ने सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि महिला और एक बच्चा तेज बहाव में बह गए। दोनों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

बताया जा रहा है कि युवक अपने परिवार के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। चट्टा पुल से गुजरते समय अचानक बाइक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस और खदाना चौकी की टीम करीब पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई।

पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। गोताखोरों ने नदी में गिरे दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया। वहीं महिला और एक बच्चा पानी के तेज बहाव में बह गए।

स्थानीय गोताखोर रफी के मुताबिक नदी में पानी का स्तर अधिक होने के साथ ही घनी घास होने के कारण लापता मां-बच्चे की तलाश में काफी परेशानी आ रही है। इसके बावजूद गोताखोर लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। पुलिस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रही है।
फिलहाल नदी में लापता मां और बच्चे की तलाश जारी है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई@शांतनु/INN
